
देहरादून। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को लेकर राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के सूत्रों की मानें तो आज शाम को किशोर उपाध्याय सपा में शामिल हो सकते हैं। उत्तराखंड सपा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सचान और किशोर उपाध्याय दोनों आज लखनऊ में ही हैं। दोनों कल ही देहरादून से लखनऊ के लिए निकले थे। बता दें कि दो दिन पहले ही कांग्रेस हाईकमान ने किशोर उपाध्याय को पार्टी के पदों से हटा दिया था।
लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई बीजेपी नेता आज सपा में शामिल हुए हैं। उनको लेकर बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम के बाद उत्तराखंड में सपा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर सत्यनारायण सचान और किशोर उपाध्याय लखनऊ में ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे सपा ज्वाइन कर सकते हैं। सपा नेताओं की मानें तो शनिवार 15 जनवरी को पार्टी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 40 से 50 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर सकती है। कुछ दिनों पहले भी किशोर उपाध्याय ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। तब भी कयास लगे थे कि किशोर उपाध्याय सपा ज्वाइन कर सकते हैं।
बता दें कि दो दिन पहले ही कांग्रेस हाईकमान ने किशोर उपाध्याय को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। कांग्रेस की तरफ से कहा गया था कि उत्तराखंड के लोग बदलाव के लिए तरस रहे हैं और भ्रष्ट भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का इंतजार कर रहे हैं। जनता कुशासन और भाजपा नेतृत्व में बढ़े चौतरफा भ्रष्टाचार से बेहद आक्रोशित है। ऐसे में दुरूख की बात है कि किशोर उपाध्याय पार्टी के पक्ष को कमजोर करने के लिए भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के साथ मिलनसार हैं। देवेंद्र यादव द्वारा लिखा गया है कि, व्यक्तिगत रूप से दी गई कई चेतावनियों के बावजूद किशोर का पार्टी के खिलाफ गतिविधि में लिप्त होना जारी है। इसलिए आगे की कार्रवाई के लिए उनको सभी पार्टी के सभी पदों से हटाया जाता है।