आपदाउत्तराखंड

फूलों की घाटी के प्रवेश द्वार घांघरिया में टूटा पहाड़ , हेमकुंड साहिब के यात्रियों को रोक गया

चमोली। फूलों की घाटी के मुख्य पड़ाव घांघरिया मुख्य बाजार के ठीक सामने पहाड़ी टूट कर नीचे लक्ष्मण गंगा में जा गिरा है। पहले तो धीरे-धीरे पहाड़ से पत्थर गिरने की आवाज सुनाई दी। उसके बाद अचानक ही पहाड़ का आधा हिस्सा टूटकर नीचे की तरफ आने लगा। घांघरिया में मौजूद लोगों ने पहाड़ टूटकर गिरने की तस्वीर को अपने कैमरे में कैद कर लिया। हालांकि पहाड़ टूटने से किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। बरसात के दौरान पहाड़ों पर लैंडस्लाइड की ऐसी खतरनाक तस्वीरें आती रहती हैं।
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे चमोली जिले के घांघरिया में लैंडस्लाइड की सूचना मिली। लैंडस्लाइड आबादी के क्षेत्र में नहीं हुआ है। हेमकुंड साहिब जाने वाले यात्रियों को रोका गया है। लगातार नदियों के जलस्तर की मॉनिटरिंग की जा रही है। गोविंदघाट हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि हेमकुंड धाम जाने वाले रास्ते में कोई दिक्कत नहीं है। रास्ते के दूसरी तरफ यह घटना हुई है। यात्रा निरंतर जारी है।
वहीं, डीआईजी एसडीआरएफ रिधिम अग्रवाल ने मामले पर अधिक जानकारी देते हुए बताया कि चमोली जिले के घांघरिया से मिल रही ताजा सूचना के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से हेमकुंड जाने वाले तकरीबन 30 से 35 यात्रियों को रोका गया है। हालांकि, हेमकुंड साहिब से वापस आने वाले यात्री ढूंढा के नए पुल से वापस आ सकते हैं। वहीं, इसके अलावा डीआईजी एसडीआरएफ ने बताया कि हेवी रेनफॉल को देखते हुए डाउनस्ट्रीम में लगातार नदियों का जलस्तर को भी वॉच किया जा रहा है। हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

Close