
बस में 37 जवान थे सवार, घायलों को इलाज के लिए लाया गया श्रीनगर
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम में सुरक्षाबलों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन के पलट जाने से आईटीबीपी के सात जवान की मौत हो गई। जबकि कई जवान जख्मी हुए हैं। इन्हें एयरलिफ्ट कर श्रीनगर आर्मी हॉस्पिटल भेजा गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आईटीबीपी जवानों को ले जा रही बस चंदनवाड़ी से पहलगाम जा रही थी। तभी ब्रेक फेल होने के चलते बस खाई में गिर गई। इस बस में 39 जवान सवार थे। इनमें से 37 जवान आईटीबीपी के थे, जबकि 2 जवान जम्मू कश्मीर पुलिस के थे।
आईटीबीपी के डीजी एसएल थाओसेन ने कहा कि हादसे में हमारे सात जवानों की जान चली गई है। गंभीर रूप से घायल आठ जवानों को इलाज के लिए श्रीनगर ले जाया गया है, अन्य का इलाज अनंतनाग के एक अस्पताल में चल रहा है। वहीं, अनंतनाग के डीआईजी रणबीर सिंह ने कहा कि गंभीर रूप से घायल जवानों को श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल में ले जाया गया, अनंतनाग अस्पताल में भर्ती बाकी जवानों की हालत स्थिर है।
चंदनवाड़ी पहलगाम से 16 किमी दूर है। बताया जा रहा है कि ये जवान भी अपनी ड्यूटी करके वापस लौट रहे थे। तभी ब्रेक फेल होने के चलते बस खाई में गिर गई। बस काफी नीचे नदी के किनारे खाई में गिरी है। बताया जा रहा है कि इसमें काफी नुकसान की आशंका है। अमरनाथ यात्रा के लिए जवानों को इलाके में तैनात किया गया था। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने बताया कि 39 कर्मियों (आईटीबीपी के 37 और जम्मू-कश्मीर पुलिस के 2) को ले जा रही एक सिविल बस का ब्रेक फेल होने के बाद सड़क किनारे नदी के किनारे गिर गई। सैनिक चंदनवाड़ी से पहलगाम की ओर जा रहे थे। अधिक विवरण की प्रतीक्षा है।
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति ने जवानों की मौत पर दुख जताया
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अनंतनाग में बस हादसे में सुरक्षा कर्मियों की मौत पर शोक प्रकट किया तथा घायलों की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति भवन ने मुर्मू के हवाले से एक बयान में कहा, श्जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में आईटीबीपी के जवानों की मौत से मैं दुखी हूं । पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। उन्होंने कहा, श्मैं इस दुर्घटना में घायल हुए जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। वहीं, उपराष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी एक ट्वीट के अनुसार, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, श्एक बस हादसे में आईटीबीपी के जवानों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।