उत्तराखंडप्रशासनिक खबरें

*दिवंगत पूर्व सदस्यों को विधायकों ने दी श्रद्धांजलि*

विधानसभा में विशेष सत्र के पहले दिन की कार्यवाही संपन्न

पूर्व विधायकों को राजकीय सम्मान के साथ दी जाए अंतिम विदाईः कौशिक
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई के लिए देखा जाएगा शासनादेशः सीएम
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि और शोक प्रस्ताव के साथ संपन्न हो गई। पहले दिन सदन की कार्यवाही के दौरान निधन पर शोक संदेश दिया गया है। इससे पहले सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष तमाम जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन के भीतर उठाएगा। साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने यूसीसी पर कहा कि सरकार जल्दबाजी में इसे पारित करने जा रही है, लेकिन उन्हें अध्ययन करने के लिए समय चाहिए। साथ ही कहा कि सदन के भीतर यूसीसी के मुद्दे को भी विपक्ष उठाएगा।
उत्तराखंड विधानसभा सत्र के पहले दिन की कार्यवाही संपन्न हो गई है। इसके बाद सदन की कार्रवाई 6 फरवरी सुबह 11ः00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी है। सदन की कार्यवाही के पहले दिन निधन प्रस्ताव के बाद सदन की कार्रवाई कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले एक सीटिंग और 5 पूर्व विधायकों के निधन का संदेश पढ़ा गया। हाल ही में 6 नेताओं का निधन हुआ है। इसमें एक सीटिंग विधायक और 5 पूर्व विधायक शामिल हैं। सदन में बसपा विधायक शरबत करीम अंसारी, कुंवर राजा नरेंद्र सिंह, धनीराम सिंह नेगी, मोहन सिंह रावत (गांववासी), किशन सिंह तगाड़ी और पूरनचंद्र शर्मा का निधन संदेश पढ़ा गया। सबसे पहले नेता सदन पुष्कर सिंह धामी ने निधन संदेश पढ़ना शुरू किया। इस दौरान सीएम धामी ने सभी दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम के बाद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने शोक संदेश पढ़ा।
हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने सदन के भीतर नेता सदन पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध किया कि पूर्व विधायकों के निधन पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जानी चाहिए। मदन कौशिक ने ये बात कुंवर राजा सिंह के निधन के शोक पर बोलते हुए कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सीटिंग विधायक के निधन पर राजकीय सम्मान से विदाई दी जाती है। इस पर सीएम धामी ने कहा कि इसका जीओ देखा जायेगा।
पहले दिन की पूरी कार्रवाई निधन संदेश पर ही केंद्रित रही। निधन संदेश के दौरान संसदीय कार्य मंत्री, कैबिनेट मंत्री समेत तमाम विधानसभा सदस्यों ने अपनी संवेदनाओं को व्यक्त किया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने दिवंगत नेताओं से जुड़ी तमाम यादों को भी सदन में लोगों के सम्मुख रखा। निधन संदेश पूरा होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने सदन के पहले दिन की कार्रवाई को संपन्न करते हुए 6 फरवरी सुबह 11ः00 बजे तक के लिए सदन की कार्रवाई को स्थगित कर दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!