भ्रष्टाचार
नीरगढ़ में नहीं थम रहा अवैध निर्माणों का सिलसिला
अतिक्रमणकारियों के हौंसले बुलंद, प्रशासन की मनाही के बावजूद कर दिया निर्माण

ऋषिकेश, 13 सितंबर। प्रशासन की रोक के बावजूद नीरगढ़ में राजस्व की भूमि पर अवैध निर्माणों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। यहां अतिक्रमणकारियों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें प्रशासन को काई खौफ नजर हीं नहीं आ रहा। ताजा मामला यहां मंदिर की आड़ में अवैध निर्माण से जुड़ा हुआ है। अतिक्रमणकारियों ने यहां कई बीघा भूमि पर निर्माण कर दिया और कार्रवाई के नाम पर प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। सूत्रों की मानें तो इन अतिक्रमणकारियों को संबंधित विभागीय अधिकारियों से सांठगांठ का फायदा मिल रहा है। बता दें कि कुछ माह पूर्व भी प्रशासन ने नीरगढ़ में एक अन्य निर्माणाधीन अवैध बहुमंजिला इमारत के काम को रुकवा कर उसे सील कर दिया था।
ताजा मामला भी यहां राजस्व की कई बीघा भूमि पर अतिक्रमण से जुड़ा है। पहले तो बिना परमिशन के यहां अतिक्रमणकारियों ने राजस्व की भूमि पर अवैध निर्माण शुरु किया। जगह समतल और पक्की करने के लिए यहां कई पेड़ों तक को काट दिया गया। इसके बावजूद राजस्व और वन विभाग चुप्पी साधे रहे। इसके बाद अतिक्रमणकारी ने यहां मंदिर बनाने की आड़ पर निर्माण करना शुरु किया। जिस पर उपजिालाधकारी नरेंद्रनगर ने आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य को रुकवा दिया। मगर अतिक्रमणकारी के बुलंद हौसले तो देखों कि मनाही के बावजूद राजस्व की भूमि निर्माण कार्य जारी है।