उत्तराखंडपुलिस डायरी

मृतक विक्रम शर्मा पर 50 से अधिक मुकदमे, 30 से अधिक हत्या के मामले में भी है शामिल, गैंगवार की आशंका

देहरादून। दून में दिनदहाड़े हुई हत्या में नए तथ्य सामने आ रहे है। दरअसल, काशीपुर निवासी स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें 30 से अधिक हत्या के मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं। उनके तार झारखंड के एक गैंग से जुड़े होने की बात भी सामने आ रही है। इसी आधार पर पुलिस इस हत्या को गैंगवार का नतीजा मानकर जांच कर रही है। सेंटर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े स्टोन क्रशर संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान विक्रम शर्मा (45) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से काशीपुर के निवासी थे और वर्तमान में शहर के रेसकोर्स इलाके में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार विक्रम शर्मा सुबह करीब 9 बजे जिम पहुंचे थे। करीब 10:30 बजे जब वह जिम से नीचे उतर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर पूरी योजना के साथ आए थे। मुख्य सड़क पर एक बाइक चालक को पहले से तैयार रखा गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक को पहले से किसी खतरे की आशंका थी और वह अपने साथ पिस्टल लेकर आए थे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!