
1100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया

हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरिद्वार के दौरे पर हैं। हरिद्वार में जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह में उत्तराखंड की धामी सरकार की चार साल की उपलब्धियों का बखान किया, तो वहीं उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। इस दौरान अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधता हुए कहा कि केदारनाथ से लेकर कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को निकाला जाएगा। इसके साथ ही अमित शाह ने कई योजनाओं को शुभारंभ भी किया।
अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस में नई भर्ती के पांच आरक्षियों को औपचारिक रूप नियुक्ति पत्र सौंपा। नई भर्ती में करीब 2000 आरक्षी भर्ती किए गए हैं। वहीं सीएए के तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान से भारत लौटे पांच हिंदुओं को नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान किया। बलूचिस्तान के शैलेश, पाकिस्तान के जसपाल कुमार, पाकिस्तान की दुर्गा राजपूत और अफगानिस्तान की हंसेरी बाई को भारत की नागरिकता का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इसके अलावा डिजिटल मध्यम से गृह मंत्री अमित शाह ने 1100 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके साथ ही गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित विकल्प रहित संकल्प पुस्तक का विमोचन किया। गिरिजा शंकर जोशी, गिरिजा ने इस पुस्तक का संपादन किया है।
अमित शाह ने ई जीरो एफआईआर प्रणाली का डिजिटल बटन दबाकर शुभारंभ किया। बताया गया कि उत्तराखंड में इस प्रणाली से 1930 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर से ई जीरो एफआईआर दर्ज की जा सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में दर्ज पहली ई जीरो एफआईआर की कॉपी भी भेंट की। गृह मंत्री अमित शाह ने अपने उद्बोधन की शुरुआत में ही पंडाल में मौजूद लोगों को तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प दिलाया और कहा कि उत्तराखंड के लोगों की आवाज दिल्ली तक जानी चाहिए।
अमित शाह ने युवाओं को जिगर का टुकड़ा बताया और चारों धामों, हेमकुंट अहित समेत सभी तीर्थ स्थलों को नमन किया। अमित शाह ने कहा कि इस जनसभा के माध्यम से उत्तराखंड की जनता को बताने आए हैं कि एक जमाने में देवभूमि अलग राज्य बनाने की लड़ाई चल रही थी। उस समय सपा और कांग्रेस ने उत्तराखंड के युवाओं का दमन किया। रामपुर तिराहे की घटना आज भी उत्तराखंड के लोग भूले नहीं है। उस वक्त भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का गठन किया था। 26 में बंगाल और तमिलनाडु में भाजपा और एनडीए की सरकार बनने का दावा किया और उत्तराखंड की जनता से 27 में प्रचण्ड बहुमत से भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। अमित शाह ने कहा कि 2027 में कुंभ के साथ भाजपा की सरकार बनने वाली है।
अमित शाह के अलावा मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, हरिद्वार सांसद पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय टम्टा, सांसद अनिल बलूनी, सांसद माला राजलक्ष्मी शाह, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सुबोध उनियाल, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, शहर विधायक मदन कौशिक, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य कोठारी और प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत उपस्थित रहे।







