
ऋषिकेश/रायवाला। थाना रायवाला क्षेत्र के अंतर्गत मोतीचूर फ्लाईओवर पर शनिवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। देहरादून से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे कई वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार आ रही रोडवेज बस (UK04PA1678) की मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो बस से टकरा गई। स्कॉर्पियो के पीछे चल रहा एक लोडेड ट्रक (HR46E0605) और महिंद्रा एक्सयूवी 3XO (UK07HC5084) भी आपस में भिड़ गए, जिससे कुल पांच वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट होने से स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर भारी पुलिस बल और दमकल कर्मी मौजूद रहे।
हादसे के कारण फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दुर्घटना में बिजनौर निवासी कुसुम (30 वर्ष) पत्नी सचिन और सचिन (40 वर्ष) पुत्र नंदराम की मौत हो गई। दोनों ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार थे और देहरादून के झंडा मेले से अपने घर बिजनौर लौट रहे थे।
वहीं हादसे में गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







