
डोईवाला- रानीपोखरी में आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा स्थल पर श्रद्धालुओं ने “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की” के जयकारों के साथ वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया।
भागवताचार्य पूज्यपाद सुशील रतूड़ी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के दिव्य प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने भगवान के अवतरण, कारागार के अद्भुत दृश्य तथा माता देवकी और वासुदेव की भक्ति की महिमा का विस्तार से वर्णन किया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
यह आयोजन वरिष्ठ समाजसेवी संजय गैरोला जी द्वारा अपने पूज्य पिता स्वर्गीय अमरेश प्रसाद गैरोला जी के सांवत्सरिक एकादश श्राद्ध के पावन अवसर पर कराया जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता की। जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व राज्य रक्षा मंत्री एवं नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, स्थानीय विधायक वृजभूषण गैरोला , पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतीश सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य आयुष मल्ल, मनोज शर्मा जी, सुनील यादव जी, विक्रम भंडारी , पूर्ण सिंह पुंडीर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने भी इस पावन अवसर पर कथा श्रवण कर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया।







