
ऋषिकेश: नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नारी शक्ति ही विकसित भारत की असली आधारशिला है। महिलाओं के बिना देश की प्रगति की कल्पना अधूरी है। सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं राजनीति, शिक्षा, विज्ञान, खेल, स्टार्टअप और सामाजिक क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं। महिला आरक्षण, स्वयं सहायता समूह, डिजिटल सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत अभियान से महिलाओं को नई ताकत मिली है। आने वाला समय महिला नेतृत्व का है और भारत इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के उपरांत ऋषिकेश स्थित जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक कदम है। मोदी सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें नीति-निर्धारण में निर्णायक भूमिका दी है, जिससे महिला भागीदारी और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आज गांव-गांव तक महिलाओं को मिल रहा है।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राजेंद्र तडियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सम्मान और अधिकार दोनों मिले हैं। संगठन स्तर पर भी महिलाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण से ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रतीक कालिया जिला उपाध्यक्ष विनय कंडवाल जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा ममता नयाल जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा चन्द्रभान पाल जिला मीडिया प्रभारी मनीष क्षेत्री विशाल शाही वंदना स्वामी ममता रतूड़ी निर्मला उनियाल आदि उपस्थित रहे ।







