
ऋषिकेश। वीरभद्र और लालपानी क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान गिरे पेड़ों के निस्तारण को लेकर उठ रहे सवालों पर वन विभाग ने अपना पक्ष रखा है। विभाग का कहना है कि 29 और 30 मई को आए तेज आंधी-तूफान से मोटर मार्गों के किनारे विभिन्न प्रजातियों के कई वृक्ष उखड़ गए और टूटकर गिर गए थे, जिससे यातायात और आमजन की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।
वन बीट अधिकारी वीरभद्र सलमान, लालपानी बीट अधिकारी अरविंद सिंह तथा वन दरोगा अवतार सिंह ने बताया कि जनसुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गिरे हुए पेड़ों का प्रकाष्ठ उठाकर संबंधित वन चौकियों में सुरक्षित रखवाया गया। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई वन विभाग के नियमों के अनुरूप की गई है।

वन अधिकारियों के अनुसार विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों द्वारा इस मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे विभाग की छवि धूमिल हो रही है। अधिकारियों ने कहा कि यदि भविष्य में विभागीय कार्रवाई को भ्रामक तरीके से प्रचारित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







