उत्तराखंडहादसा

हल्द्वानी में लंबे समय से बंद टंकी खोलने से लीक हुइ गैस में मां व दो बेटों की मौत

सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासन मामले की जांच में जुटे

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मानपुर पश्चिम गांव में पानी की टंकी का ढोला खोलने के दौरान जहरीली गैस भरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में दो भाई और उनकी मां शामिल है।
इस हृदयविदारक हादसे में 55 वर्षीय सरस्वती देवी, उनके बड़े बेटे धर्मेंद्र बिष्ट और छोटे बेटे खुशाल बिष्ट को पड़ोसी और स्थानीय लोग सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि घर के बेसमेंट में बनी पानी की टंकी के लेंटर का ढोला खोलने के दौरान टंकी के भीतर जहरीली गैस जमा थी। जैसे ही परिवार का एक सदस्य टंकी के पास पहुंचा, उसका दम घुटने लगा। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी एक-एक कर नीचे पहुंचे और वे भी गैस की चपेट में आ गए। सरस्वती देवी, उनके 40 वर्षीय बड़े बेटे धर्मेंद्र बिष्ट और छोटे बेटे खुशाल बिष्ट की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई थी। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एसडीएम मोनिका आर्य ने बताया कि, लंबे समय से बंद बेसमेंट की टंकी में जहरीली गैस बनने के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि, गैस किस प्रकार की थी और उसकी मात्रा कितनी थी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि 112 पर हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से मूर्छित अवस्था में तीन लोगों को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल लोगों से अपील है कि किसी भी बंद टंकी, सेप्टिक टैंक या बेसमेंट में बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त वेंटिलेशन के प्रवेश न करें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!