उत्तराखंडशिक्षा

छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर

पात्र छात्र-छात्रा वंचित रहे तो संस्था प्रमुख होंगे जिम्मेदारः जिला समाज कल्याण अधिकारी

रुद्रप्रयाग। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। विभाग ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों को पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समय से कराने के निर्देश दिए हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा ने जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों से कहा है कि वे अपने-अपने विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद किसी विद्यालय का पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से वंचित रह जाता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल 30 सितंबर तक खुला रहेगा। इस अवधि में शिक्षण संस्थानों को छात्रों के ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को अग्रसारित करना होगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) तथा दिव्यांग वर्ग का कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। आवेदन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश पूर्व में ही सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नए आवेदन करने तथा राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक कार्यदिवस दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक विशेष ऑनलाइन सत्र आयोजित किया जा रहा है। शिक्षक एवं छात्र इस सत्र में शामिल होकर आवेदन प्रक्रिया अथवा पोर्टल से संबंधित अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समय से पूर्ण कराएं और उनका सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!