लाडवा में ब्रह्मलीन ब्रह्मचारी देवेंद्रस्वरूप महाराज की 22वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं महापौर शम्भू पासवान ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

ऋषिकेश। ब्रह्मलीन ब्रह्मचारी देवेंद्रस्वरूप महाराज की 22वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर लाडवा में भव्य श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं ऋषिकेश के माननीय महापौर श्री शम्भू पासवान सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन पूज्य महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि एवं नमन किया। इस दौरान महाराज के तप, त्याग, आध्यात्मिक साधना, मानव सेवा एवं समाज के प्रति उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ब्रह्मलीन ब्रह्मचारी देवेंद्रस्वरूप महाराज का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, साधना और लोक कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने आध्यात्मिक चिंतन एवं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को सदैव सत्य, धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका जीवन और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह में संत-महात्माओं एवं संन्यासियों ने महाराज के जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए और कहा कि उनके द्वारा दिखाए गए आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वक्ताओं ने कहा कि मानवता की सेवा, समाज में सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए महाराज द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।
इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि ब्रह्मलीन ब्रह्मचारी देवेंद्रस्वरूप महाराज का जीवन त्याग, तपस्या और मानव सेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। उनके विचार और संस्कार समाज को सदैव सेवा, संस्कार एवं सद्भाव की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। ऐसी महान विभूतियों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक होता है।
श्रद्धांजलि समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, संतों, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर पूज्य महाराज जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।










