उत्तराखंडपुलिस डायरी

मंत्री से सवाल करने जा रहे कांग्रेस के कई नेता हिरासत में, शुक्रवार को मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे उत्तरकाशी के दौरे पर

उत्तरकाशी। शुक्रवार को जिले का प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा  दो दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे। मंत्री सौरभ बहुगुणा उत्तरकाशी के राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में चल रहे सेवा संकल्प कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। इस दौरान स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और जिला योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल पूछने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के गेट पर रोक दिया। इसको लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई। बाद में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।

 कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उत्तरकाशी के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से मिलने का प्रयास किया। प्रदीप रावत का कहना है कि वो जिले की समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीके से मंत्री सौरभ बहुगुणा के सामने रखना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल के गेट पर ही रोक दिया। दीप रावत का आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने अंदर जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. प्रदीप रावत ने जिला योजना को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री की ओर से जिला योजना के आवंटन को ठेकेदारी प्रथा रोकने से जोड़कर बताया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि योजना के कार्यों में कथित तौर पर कमीशनखोरी को बढ़ावा मिला है। जिला योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मामले में प्रभारी मंत्री से सीधे जवाब मांगने की बात कही। वहीं पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष राणा ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी है। वहीं कई स्कूलों के बंद होने की स्थिति सामने आ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बदहाल हैं और जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आईटीआई और पॉलीटेक्निक जैसे संस्थानों के भवनों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई भवन अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर आम लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री से जिले की वास्तविक स्थिति पर जवाब लेने की बात कही। गेट पर हुए हंगामे के बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई। घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे अपनी बात रखने से रोकने का प्रयास बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!