उत्तराखंडमनोरंजन

भारत-नेपाल की साझा विरासत है काली-गोरी के संगम का जौलजीबी का मेलाः धामी

पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले का सीएम धामी ने किया उद्घाटन मेले के आयोजन के लिए सीएम ने दिए 10 लाख रुपए

स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी को संबोधन का अवसर नहीं दिए जाने का मामला भी सामने आया

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध जौलजीबी मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने मेले के उद्घाटन के साथ विकास प्रदर्शनी का भी फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणा से मेला आयोजन समिति और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक व्यापार और पर्यटन की दृष्टि से जौलजीबी मेले के महत्व को रेखांकित किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी को संबोधन का अवसर नहीं दिए जाने का मामला भी सामने आया। इस पर विधायक ने अपनी नाराजगी जताई। स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के बावजूद मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलने को लेकर उनकी नाराजगी कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बनी रही। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम ने मेले के उद्घाटन समारोह को राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा में ला दिया।
गौरतलब है कि जौलजीबी मेला काली और गोरी नदियों के संगम पर भारत और नेपाल की सीमा के निकट आयोजित होने वाला ऐतिहासिक मेला है। यह मेला लंबे समय से दोनों देशों के बीच व्यापारिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम रहा है। मेले में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही नेपाल से भी व्यापारी और लोग पहुंचते हैं। यहां स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक वस्तुओं और दैनिक उपयोग की सामग्री की खरीद-बिक्री होती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र की लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान और व्यापारिक गतिविधियों को पहचान दिलाने में भी इस मेले की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मेले के आयोजन से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

Related Articles

Back to top button