
ऋषिकेश। मंगलवार सुबह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सडक से करीब 100 मीटर नीचे गधेरे में जा गिरी। इस भीषण बस हादसे में लगभगठ 9 लोगों की मौत हो गयी। जबकि 26 अन्य घायल बताए जा रहे है। बस में लगभग 30-35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू आपरेशन चलाया। बताया जा रहा है कि बस हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही सवारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 32 लोग सवार थें। जिनमें से नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। रेस्क्यू अभियान की निगरानी के लिए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती भी मौके पर मौजूद रहे।
इस दर्दनाक हादसे में करीब 26 लोग घायल हुए हैं, जबकि 9 लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। इसके साथ ही एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवान भी रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। एसडीआरएफ इंचार्ज कविंद्र सजवाण ने पूर्व में बताया कि बस में लगभग 32 से 33 यात्री सवार थे। हादसे में करीब 26 लोगों के घायल होने की जानकारी है, जबकि नौ लोगों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि विश्वनाथ सेवा की यह बस सुबह 3.30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी।
गूलर बस दुर्घटना में मृतकों के नाम
1- पन्नू पुत्र घुंघ उम्र लगभग 55 वर्ष निवासी मेखण्दी पौड़ी गढ़वाल
2- अनुज भंडारी (परिचालक) उम्र लगभग 23 वर्ष निवासी ग्राम बडल भवानी शिवपुरी टिहरी गढ़वाल
3- राज राय पुत्र द्वारिका नाथ राय निवासी दक्षिण नजीर पर खारला जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल
4- दीपक गुप्ता उम्र लगभग 50 वर्ष निवासी मध्य प्रदेश
5- राजेंद्र सिंह (ड्राइवर) उम्र लगभग 55 वर्ष पोखरी रुद्रप्रयाग
6- विक्की पुत्र सेवाराम उम्र लगभग 37 वर्ष निवासी मकान नंबर 309 पावर हाउस चंदौसी संभल उत्तर प्रदेश
7- सुशील प्रताप सिलोडी पुत्र ब्रह्मानंद सिलोडी उम्र 55 वर्ष
8- विकास गुप्ता निवासी मध्य प्रदेश पता अज्ञात
9- रोहित कश्यप निवासी चंदौसी संभल उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं पर व्यक्त किया गहरा दुःख
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर, जनपद रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र तथा जनपद टिहरी गढ़वाल की दोगी पटृी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना प्रभावितों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।




