
हरिद्वार। इंटेलिजेंस ब्यूरो में एसपी के पद पर हरिद्वार में तैनात सीपी नौटियाल पर उनके चालक ने गोली चला दी। गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात आईबी एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक विनोद नेगी के बीच कुछ समय से नाराजगी चल रही थी। इसी के चलते चालक ने एसपी पर गोली चला दी। गोली माथे के पास लगने से वह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के कारणों और गोली चलाने के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। घायल एसपी को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लन ने कहा कि ड्राइवर ने अपने अधिकारी पर फायर किया है। ड्राइवर अस्थाई है। उसकी कस्टडी से एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया गया है। घायल अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल स्थिति ठीक है। आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूछताछ जारी है। अभी तक आरोपी का आपराधिक इतीहास नहीं मिला है। फायर करने की क्या वजह थी, क्यों इस घटना को अंजाम दिया गया? ये सब पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
बता दें कि, आज हरिद्वार में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री विधायक और सांसद पहुंचे थे। ऐसे में वीवीआईपी मूवमेंट के बीच इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया है।




