उत्तराखंडशासन

31 मार्च को राधा रतूड़ी का मुख्य सचिव पद से कार्यकाल पूरा, आनंद बर्द्धन बन सकते हैं नए CS

देहरादून। उत्तराखंड की मुख्य सचिव (सी एस) राधा रतूड़ी का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। उन्हें इस पद पर दो बार सेवा विस्तार मिल चुका है, लेकिन इस बार वे पुनः कार्यभार संभालने की इच्छुक नहीं हैं। सूत्रों के अनुसार, उनके बाद राज्य के नए मुख्य सचिव के रूप में अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की नियुक्ति की संभावना है।

आनंद बर्द्धन 1992 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा में सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं। उनकी वरिष्ठता के चलते उनके मुख्य सचिव बनने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आनंद बर्द्धन का नाम मुख्य सचिव पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है।
मुख्य सूचना आयुक्त पद के लिए राधा रतूड़ी ने किया आवेदन
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, जो पहले ही दो बार सेवा विस्तार ले चुकी हैं, अब मुख्य सूचना आयुक्त (सी आईसी) पद के लिए आवेदन कर चुकी हैं। वर्तमान में सीआईसी चयन की प्रक्रिया जारी है, और संभावना है कि सरकार उनके कार्यकाल समाप्त होने से पहले इस पद पर उनकी नियुक्ति कर सकती है।

अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का भी दावा मजबूत
आनंद बर्द्धन के बाद दो अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी मुख्य सचिव पद की दौड़ में शामिल हैं। इनमें 1997 बैच के आईएएस आरके सुधांशु और एल फेनई प्रमुख हैं। हालांकि, वरिष्ठता के आधार पर आनंद बर्द्धन का चयन अधिक संभावित माना जा रहा है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का भी मिला था प्रस्ताव
सूत्रों के मुताबिक, आनंद बर्द्धन का नाम केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए भी प्रस्तावित हो चुका है, लेकिन उन्होंने उत्तराखंड में ही सेवाएं जारी रखने की इच्छा जताई है। ऐसे में उनके नए मुख्य सचिव बनने की संभावना प्रबल हो गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!