
रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान एवं 09वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र मणिगुह में आंगन मिलन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुपरवाइजर रागिनी जोशी ने दो गर्भवती महिलाओं की फल, हरी सब्जी, नारियल आदि पौष्टिक सामग्री से गोदभराई की। इसके साथ ही तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट तथा 25 किशोरी बालिकाओं को डायरी वितरित की गई।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित रूप से प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच कराने तथा सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई। महिलाओं को विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई और योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान माणिक लाल, प्रदेश सह संयोजक पंकज भट्ट, जिला पंचायत सदस्य गंभीर सिंह बिष्ट, अनुसूचित जाति महिला मोर्चा की जिला महामंत्री सुषमा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सहित स्थानीय महिलाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।




