
डोईवाला: डोईवाला के अठूरवाला निवासी आयुष्मान गुसांई भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व लोगों ने उन्हें व उनके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।
उत्तराखंड के युवाओं में सेना में शामिल होने का विशेष उत्साह रहता है, और आयुष्मान गुसांई ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा भानियावाला स्थित दून पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद यूपीईएस देहरादून से बीटेक (कंप्यूटर साइंस) करने के उपरांत आर्मी की ऑफिसर टेक्निकल एंट्री (टीजीसी) में प्रथम प्रयास में ही सफलता हासिल की।
ट्रेनिंग के लिए उन्होंने छह माह ओटीए चेन्नई और पांच माह ओटीए गया में प्रशिक्षण पूरा किया। इसके बाद 7 मार्च 2026 को वह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुए।
आयुष्मान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और शिक्षकों को दिया है। उनके पिता संजय गुसांई दवाइयों के थोक व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता शीला गुसांई गृहिणी हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अश्विनी बहुगुणा, सभासद प्रदीप सिंह नेगी, किसान नेता सुरेंद्र सिंह खालसा, सभासद संदीप सिंह नेगी, ईश्वर रौथाण, दरपन बोरा, पूर्व गन्ना समिति अध्यक्ष मनोज नौटियाल सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य युवा भी सेना में जाने के लिए प्रेरित होंगे।







