हरिद्वार के दो गुटों में चले ईंट-पत्थर और लाठी डंडे
दोनों गुटों के बीच कार को ओवरटेक करने को लेकर हुआ विवाद

हरिद्वार। शहर के व्यस्त इलाके रानीपुर मोड़ पर देर रात दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर ईंट पत्थरों और लाठी डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा तफरी मच गई। काफी देर तक सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दोनों गुटों के बीच विवाद कार को ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ था। कार को आगे निकालने को लेकर दोनों पक्षों के लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुट आमने सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई और फिर दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे से मारपीट करने लगे। देखते ही देखते लाठी डंडे और ईंट पत्थर चलने लगे। दोनों तरफ से एक दूसरे पर जमकर हमला किया गया।
मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई। काफी देर तक दोनों पक्षों के युवक एक दूसरे से भिड़ते रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने बीच बचाव करने का प्रयास भी किया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। सड़क पर हो रहे इस हंगामे को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
उधर सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मारपीट में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में दोनों गुटों के बीच मारपीट और ईंट पत्थर व लाठी डंडे चलने दिखाई दे रहे हैं।



