उत्तराखंडखेल

अंडर-19 बालक-बालिका ग्रैपलिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेता खिलाड़ी हुए सम्मानित

ऋषिकेश/मुनि की रेती, 6 सितंबर। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर एवं ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ टिहरी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णानंद खेल मैदान में आयोजित अंडर-19 बालक-बालिका ग्रैपलिंग प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ।

प्रतियोगिता का शुभारंभ अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. राजे नेगी ने किया था। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की पाठशाला हैं। उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे उचित मंच और मार्गदर्शन देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया जा सकता है।”

समापन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश पुंडीर, सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी डी.पी. रतूड़ी एवं समाजसेवी भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने कहा कि “खेल स्वस्थ समाज की नींव हैं। नगर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।”

भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश पुंडीर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। युवा खेलों के माध्यम से नशामुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।”

सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी डी.पी. रतूड़ी ने कहा कि “ग्रैपलिंग जैसे खेल युवाओं में आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और आत्मरक्षा की भावना विकसित करते हैं। खेल भावना जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता का आधार है।”

समाजसेवी भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज ने कहा कि “ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को ऐसे आयोजन नई पहचान देते हैं। सभी खिलाड़ियों को हार-जीत से ऊपर उठकर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।”

प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन में रेफरी पैनल की सराहनीय भूमिका रही, जिसमें विशाल शर्मा, सार्थक सेमवाल, अजय कुमार, शिवानी काला, शीतल रावल, विजय गैरोला, विकास एवं करन शामिल रहे।

आयोजन को सफल बनाने में जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव नवीन रयाल, ग्रैपलिंग टिहरी गढ़वाल के सचिव अनुज गौड़ तथा सह-कोषाध्यक्ष दीपाली रयाल का विशेष योगदान रहा।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!