उत्तराखंडपुलिस डायरी

पत्नी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला पति गिरफ्तार

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ आरोपी से कोर्ट मैरिज की थी। बाद में गर्भवती होने पर आरोपी पति द्वारा कथित रूप से दबाव और धमकी दिए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान थी।

बता दें कि रामधाम कॉलोनी निवासी महिला के परिजनों ने 26 जुलाई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान 27 जुलाई को पथरी पावर हाउस स्थित बैराज से युवती का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला ने अजय नामक युवक से कोर्ट मैरिज की थी और ससुराल पक्ष के व्यवहार से परेशान थी। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने 25 जून 2026 को अजय से कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस के अनुसार, गर्भवती होने के बाद आरोपी पति कथित तौर पर उस पर अपनी इच्छानुसार काम करने का दबाव बनाता था और गर्भावस्था की बात मोहल्ले में बताने की धमकी देता था। इससे युवती मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस के मुताबिक 25 जुलाई को बहादराबाद स्थित लाल पुल के पास नहर में महिला की मौत हुई थी। परिजनों की शिकायत और जांच के आधार पर गुमशुदगी के मामले को 13 अगस्त को मुकदमा अपराध संख्या 283/26, धारा 108 बीएनएस में तरमीम किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी अजय (28) पुत्र स्व. राजपाल, निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, रानीपुर, हरिद्वार को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद उसका चालान कर दिया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!