उत्तराखंडहेल्थ बुलेटिन

हिम्स जौलीग्रांट में चिकित्सा सुविधाओं का हुआ विस्तार, अत्याधुनिक ओटी का शुभारंभ

नई सुविधा से बढ़ेगी सर्जिकल क्षमता, एक दिन में अधिक मरीजों की सर्जरी संभव; आधुनिक तकनीक से मिलेगा बेहतर उपचार

डोईवाला। हिम्स जौलीग्रांट में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) में नए अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने किया।

इस अवसर पर डॉ. विजय धस्माणा ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को लगातार मजबूत करना संस्थान की प्राथमिकता है। अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों से युक्त नया ऑपरेशन थिएटर चिकित्सकों को विभिन्न एवं जटिल प्रकार की सर्जरी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे सर्जिकल सेवाओं की गुणवत्ता, दक्षता और क्षमता को और मजबूती मिलेगी।

हिमालयन अस्पताल जॉलीग्रांट में की एनिस्थिसिया विभागाध्यक्ष डॉ. गुरजीत खुराना ने बताया कि नए हाईटेक ऑपरेशन थिएटर के शुरू होने से चिकित्सकों की कार्यक्षमता और सर्जिकल क्षमता में वृद्धि होगी। इससे प्रतिदिन अधिक सर्जरी करना संभव होगा और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हिम्स जौलीग्रांट में 23 ऑपरेशन थिएटर संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नए ओटी में आधुनिक सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों को शामिल किया गया है, जिससे विभिन्न प्रकार की सर्जिकल प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी एवं सुगम तरीके से संचालित करने में सहायता मिलेगी।

हिम्स जौलीग्रांट में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। नई तकनीकों और आधुनिक संसाधनों से युक्त यह हाईटेक ऑपरेशन थिएटर इसी प्रयास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे सर्जरी की क्षमता बढ़ने के साथ मरीजों को आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

इस अवसर पर एसआरएचयू के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल, निदेशक (अस्पताल सेवाएं) डॉ. हेमचंद्र पाण्डेय, डीन डॉ. ए. शरीफ, प्रिंसिपल डॉ. रेनू धस्माणा, डॉ. राजेश माहेश्वरी एवं डॉ. हेमंत नौटियाल सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!