डिलीवरी बॉय से मारपीट मामले में सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार

देहरादून। सोमवार देर शाम थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के जोगीवाला स्थित एक मॉल परिसर में डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है और शराब के नशे में डिलीवरी बॉय के साथ बहस कर मारपीट की गई। पुलिस ने आरोपी महेंद्र सिंह (उम्र 45 वर्ष) निवासी -22 सेक्टर 3 डिफेंस कॉलोनी थाना नेहरु कॉलोनी जनपद देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके पर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड नहीं माना। जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी महेंद्र सिंह को 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है। पूरी घटना उस वक्त हुई जब सोमवार देर शाम डिलीवरी बॉय एक मॉल में ऑर्डर लेने पहुंचा था। आरोप है कि वह निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से जा रहा था, जिस पर सिक्योरिटी गार्डों ने उसे रोक लिया। इसी दौरान विवाद हुआ और एक गार्ड ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति गार्ड को रोकने की कोशिश करता भी दिखाई दे रहा है, लेकिन गार्ड उसकी बात नहीं मानता. साथ ही डिलीवरी बॉय से सिक्योरिटी गार्ड की बहस हो जाती है।
वायरल वीडियो में मारपीट करने वाला गार्ड खुद को पूर्व सैनिक बता रहा है और डिलीवरी बॉय को अपशब्द कहता सुनाई दे रहा है। मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है। फिलहाल मामले में पुलिस के पास किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पीड़ित डिलीवरी बॉय की पहचान और घटना के संबंध में अन्य जानकारी भी सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान ने पूर्व में बताया था कि पीड़ित पक्ष की तरफ से शिकायत नहीं आई है, शिकायत आने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। आरोप लगाया जा रहा है कि डिलीवरी बॉय निर्धारित रास्ते के बजाय किसी दूसरे प्रतिबंधित रास्ते से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन यह जांच का विषय है कि मारपीट किस कारण से हुई।




