चढ़ावा चोरी गैंग के बड़े मगरमच्छों पर हाथ डाल पाएगी एसआईटी
आरोपी ने सोना-चांदी के सिक्कों , शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट पर भी किया हाथ साफ

आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगीः एसपी
चमोली। चमोली पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इधर, चर्चा नयन भी असम है कि धाम में चढ़ावा चोरी की घटना लंबे समय से चल रही थी। और एक सशक्त लॉबी इस चंदा चोरी में जुटी हुई थी। विशेष दर्शनों को लेकर भी बदरी-केदार धाम में श्रद्धालुओं से रकम वसूली के मामले भी सोशल मीडिया का हिस्सा बन चुके हैं। इधर, 2 जुलाई को बदरीनाथ धाम के चढ़ावा चोरी की घटना के सामने आने के बाद वीडियो फुटेज ने भी चोरी की पुष्टि कर दी।
प्रमोद नौटियाल की गिरफ्तारी के बाद एसपी सुरजीत पंवार ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर कोतवाली बदरीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 और 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर के अनुसार, 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर मंदिर समिति की विभागीय जांच कराई गई, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल पर नकदी और अन्य भेंट सामग्री को चोरी-छिपे अपने कब्जे में लेने के आरोप सामने आए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, संबंधित कर्मचारियों और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत परीक्षण किया।
जांच में पुलिस को ऐसे दृश्य मिले, जिनमें आरोपी कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता दिखाई दिया। विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 रुपये के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिए। सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई की रात देहरादून स्थित आरोपी के आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि यह मामला श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर व्यवस्था की पारदर्शिता से जुड़ा है। इसलिए निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को 12 जुलाई की रात देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। इधऱ, पूछताछ के लिए ले जाते हुए मीडिया ने मास्क पहने प्रमोद नौटियाल से पूछा कि,क्या उन्होंने हेमंत द्वेदी (बीकेटीसी अध्यक्ष) के कहने पर यह सब किया। तो प्रमोद नौटियाल ने कोई टिप्पणी नहीं की। और घेरा बना कर चल रही पुलिस ने प्रमोद नौटियाल को कक्ष के अंदर कर पर्दा गिरा दिया। प्रमोद की गिरफ्तारी के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस चोरी में कुछ और लोग भी शामिल हैं। क्या गणना से जुड़े अन्य कार्मिक भी इस चोरी में लिप्त है। प्रमोद किसके इशारे पर इस बड़ी वारदात को अंजाम दे रहा था। चमोली पुलिस के सामने बड़े मगरमच्छों को पकड़ना सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है।







