एक ही रात में चोरों ने बनाया दो दुकानों को निशाना,पुलिस में हड़कंप

हरिद्वार। बीतीे रात जिले के लक्सर में कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर, चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात के पुलिस की रात्रि गस्त पर सवाल खड़े होने लगे है। चोरी की वारदात के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
मिली जानकारी के अनुसार चोरी की वारदात लक्सर के स्थित एक शोरूम और उसके बगल में स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में हुई। चोरों ने दुकानों के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। शोरूम के मालिक आयुष्मान ने बताया कि सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान से महंगी ब्रांडेड घड़ियां, ब्रांडेड चश्मे, इंपोर्टेड परफ्यूम, महंगे कपड़े और गल्ले में रखे रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
इसी तरह बगल में हार्डवेयर कारोबारी नितिन चैधरी की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। उनकी दुकान से भी नकदी और कुछ कीमती सामान गायब मिला। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। इस घटना के बाद लक्सर के व्यापारियों में जबरदस्त नाराजगी है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले 15 दिनों में बाजार क्षेत्र में एक ही रात में तीन दुकानों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।
व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस की रात्रि गश्त केवल दावा है, जमीन पर कुछ नहीं दिख रहा। व्यापारियों ने बताया कि लगातार हो रही चोरियों को लेकर दो दिन पहले राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने व्यापारियों के संग सीओ लक्सर से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की थी, लेकिन उसके बाद भी चोरी की घटनाएं नहीं रुकी।
लक्सर तहसील व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि मार्केट में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए, जिससे चोरी की घटनाओं पर लगाम लग सके। साथ ही उन्होंने चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की। लक्सर पुलिस क्षेत्र अधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा कि बाजार में लगे सीसी कैमरा की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है, शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।




