उत्तराखंडदुर्घटना

रामनगर में कार की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, ड्राइवर फरार सोमवार सुबह घास लेने जा रही थी दोनों महिलाएं

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर से बड़ी खबर सामने आई है। रामनगर क्षेत्र के बैलपड़ाव में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां तेज रफ्तार बेकाबू कार ने पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक कार छोड़कर फरार हो गया।

तेज रफ्तार कार का ये कहर बैलपड़ाव क्षेत्र में गैबुआ के पास फूड क्रिस्टल होटल के नजदीक देखने को मिला है। जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सुबह घास लेने के लिए जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों महिलाओं को रामनगर के रामदत्त सयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
हादसे के बाद कार चालक वाहन संख्या यूके 19 बी 8791 को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक महिलाओं की पहचान कमला देवी 55 वर्ष पत्नी शिवराज सिंह निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव और पुष्पा देवी 55 वर्ष पत्नी केवलानंद भट्ट निवासी पत्तापनी बैलपड़ाव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार कमला देवी के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है, जबकि पुष्पा देवी की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश जारी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है।
प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय दयाल सिंह पन्नू जो स्वयं बैलपड़ाव के निवासी हैं, उन्होंने बताया कि उनके अनुसार कार गलत दिशा से आ रही थी, जिसने सीधे महिलाओं को टक्कर मारी दी। उन्होंने कहा कि हादसा बेहद दर्दनाक था और दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर हर्ष ने बताया कि दोनों महिलाएं ब्रॉडेडड हालत में यहां पर लाई गई थी। वहीं पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!