
पिथौरागढ़। मुनस्यारी में क्वीटी से मुनस्यारी जा रही एक टैक्सी हरकोट बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक टैक्सी क्वीटी से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। हरकोट बैंड के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बला गांव निवासी 70 वर्षीय नेत्र सिंह राणा की मौत हो गई। मृतक पूर्व सैनिक थे। कैंटीन से सामान लाने के लिए मुनस्यारी जा रहे थे। वहीं, बला गांव के ही प्रताप सिंह, हरीश सिंह, यमुना देवी, ममता और चालक चंचल सिंह कोरंगा घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मुनस्यारी राजू पांगती मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने वाहन से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी पहुंचाया।
अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







