उत्तराखंडनशा

शराब के अवैध कारोबार पर महिलाओं का धावा, 12 पेटियां पकड़ीं कमलेश जोशी की दुकान से

ऋषिकेश। 14 बीघा वार्ड नंबर छह में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शनिवार को स्थानीय महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। महिलाओं ने मौके पर देशी और अंग्रेजी शराब की करीब 12 पेटियां पकड़ लीं। शराब के अवैध कारोबार को लेकर क्षेत्र में महिलाओं का आक्रोश सामने आया। मामले में कमलेश जोशी निवासी गली नंबर एक, चंद्रेश्वर नगर का नाम सामने आया है। कमलेश जोशी चाऊमीन और मोमो की आड से शराब बेचने का कार्य करता था।


स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। उनका कहना है कि शराब के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। शनिवार को महिलाओं को अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर शराब की पेटियां पकड़ लीं।
महिलाओं ने सवाल उठाया कि आबकारी और पुलिस विभाग की निगरानी के बावजूद क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में शराब कैसे पहुंच रही है। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मौके पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजलवाण, अंबिका रावत, मीना मंदवाण, अंकिता बहुगुणा, बबीता रमोला, स्वाति पोखरियाल, संदीप भंडारी, सुरेंद्र नेगी, अजय रमोला समेत स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!