
ऋषिकेश। छात्रों की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज उठाने पर उत्तराखंड कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला एवं जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में आज श्यामपुर चौकी तिराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान रायवाला गोकुल रमोला एवं श्यामपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजयपाल पंवार के तत्वावधान में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मुकदमे को लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताया।
प्रदेश महासचिव जयेंन्द्र रमोला ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को उठाना किसी भी जनप्रतिनिधि और राजनीतिक संगठन का लोकतांत्रिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अब विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए मुकदमों का सहारा ले रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने और दबाने की कोशिश किसी भी कीमत पर सफल नहीं होगी। छात्रों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ेगी।
प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना और जनता की समस्याओं को उठाना अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की आवाज उठाने के कारण कांग्रेस के नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, तो कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे किसी भी दमनात्मक रवैये से पीछे हटने वाली नहीं है।
इस अवसर पर कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार को मुकदमे दर्ज करने के बजाय छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध दर्ज मुकदमों को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
पुतला दहन में अभिषेक मलिक, सिंहराज पोशवाल, ऋषि शिंगल, सचवीर भंडारी, विशाल भारती, सोहन लाल तोड़ी, धर्मेंद्र गुलियाल, मयंक पाल, विजय पाल पंवार, सुभाष झखमोला, रजनीकांत, गंभीर गुलियाल, अखिल गुलियाल, प्रशांत शर्मा, दिनेश सिंह पंवार, अनिल रतौड़ी।










