
युवाओं ने करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और उत्तराखंड के भविष्य पर साझा किए विचार
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवा सामर्थ्य को मिल रही नई दिशा और नए अवसर रू नितिन नवीन
हल्द्वानी में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में सहभागिता कर युवाओं से संवाद किया। इस दौरान करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। संवाद के दौरान युवाओं ने प्रदेश एवं देश के विकास से जुड़े विषयों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए तथा रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में बेहतर अवसरों की उपलब्धता को लेकर सुझाव भी रखे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति के सामर्थ्य को नई दिशा देने के साथ ही युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा, क्षमता और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है। आज का युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसरों का सृजन करने वाला भी बन रहा है।
उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं। उनकी ऊर्जा और सामर्थ्य को प्रदेश के विकास से जोड़कर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
नवीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसरों को बढ़ाना महत्वपूर्ण है। युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज एक सशक्त माध्यम है और युवाओं को इसका सकारात्मक उपयोग देश एवं समाज के विकास के लिए करना चाहिए। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने युवाओं से राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन में आगे आकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में समय प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है और सफलता के लिए समय का सदुपयोग आवश्यक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। भारत की विशाल युवा आबादी आज देश को नई ऊर्जा, नई सोच और नया सामर्थ्य प्रदान कर रही है। तकनीक और नवाचार के बढ़ते उपयोग से युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद हमारी सरकार ने इस संकल्प के साथ काम किया कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।” इसी दिशा में सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त शिकंजा कसा गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।










