मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर पर लगी गोली,गिरफ्तार

देहरादून। शनिवार देर रात कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ दौरान पुलिस की जवाबी कार्यवाही में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुके और बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. बदमाशों की गोली से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल बदमाशों को इलाज के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना बताया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी देर रात भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मोटरसाइकिल से घूम रहे दोनों आरोपियों ने पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए भागने का प्रयास किया था। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी देहरादून और हरिद्वार में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही देहरादून और हरिद्वार में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।




