
जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में उजागर हुई लापरवाही
जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल, जलपान व्यवस्था की गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय करने की उठाई मांग
रुद्रप्रयाग। ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों को जलपान में एक्सपायरी बिस्कुट वितरित किए जाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह रही कि वितरित किए गए बिस्कुट की वैधता अवधि सात दिन पहले ही समाप्त हो चुकी थी। जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में सामने आई इस लापरवाही ने सरकारी बैठकों में की जाने वाली व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
जानकारी के अनुसार, ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत प्रमुख की अध्यक्षता में त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान मौजूद थे। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के लिए जलपान की व्यवस्था के तहत बिस्कुट वितरित किए गए। इसी बीच एक जनप्रतिनिधि की नजर बिस्कुट के पैकेट पर अंकित वैधता तिथि पर पड़ी। पैकेट की जांच करने पर पता चला कि उसकी वैधता सात दिन पूर्व ही समाप्त हो चुकी थी।
एक्सपायरी बिस्कुट वितरित किए जाने की जानकारी मिलते ही सदन में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। जनप्रतिनिधियों ने पूछा कि आखिर जलपान के लिए खाद्य सामग्री की खरीद किस स्तर से की गई और पैकेट की वैधता जांचे बिना उसे बैठक में कैसे वितरित कर दिया गया? जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में मामला उजागर होने के बाद अधिकारियों के बीच भी असहज स्थिति पैदा हो गई।
जनप्रतिनिधियों का कहना था कि यह महज सामान्य लापरवाही नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। सरकारी बैठक में शामिल जनप्रतिनिधियों को ही यदि निर्धारित मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री परोसी जा रही है तो व्यवस्थाओं की निगरानी को लेकर सहज ही सवाल उठते हैं। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
गौरतलब है कि क्षेत्र पंचायत की इस बैठक में पहले से ही अधिकारियों की अनुपस्थिति और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बनी हुई थी। जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की कार्यशैली पर भी सदन में सवाल उठाए गए थे। ऐसे में एक्सपायरी बिस्कुट वितरित किए जाने की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवालों को और गंभीर बना दिया।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और खाद्य सामग्री की खरीद एवं वितरण में हुई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।




