
अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा क्षेत्र के चायखान-बलिया बेगनिया मोटर मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा लमगड़ा के बलिया क्षेत्र में हुआ है। जहां ऑल्टो कार संख्या यूके 04जेड 5819 अनियंत्रित होकर सड़क से सीधे नीचे दूसरी सड़क पर पलट गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल छह लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से राहत अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां उनका उपचार जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में चार लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कार का टायर फटते ही अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई,कार सवार की मौत
रुद्रपुर। देर रात रुद्रपुर से अपने घर लौट रहे एक टूर एंड ट्रेवल व्यवसायी की कार का टायर अचानक फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को राहगीरों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहित शर्मा देर रात लगभग 11.30 बजे रुद्रपुर से अपने घर किच्छा लौट रहे थे। जब उनकी कार राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने पहुंची। तभी कार का अगला टायर अचानक फट गया। टायर फटने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मोहित शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल मोहित शर्मा को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।







