उत्तराखंडचारधाम यात्रा

केदारनाथ यात्रा के लिए सोनप्रयाग में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

कंट्रोल करने में जुटा पुलिस-प्रशासन

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। 11 दिन की तीर्थ यात्रा में अभी तक करीब तीन लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। भारी तादाद में यात्रियों के पहुंचने के कारण कुछ समय के लिए व्यवस्थाएं भी चरमरा रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से जल्द ही अव्यवस्थाओं पर काबू पाया जा रहा है। सोनप्रयाग में बैरियर लगने के बाद यात्री केदारनाथ धाम जाने की जिद कर रहे हैं, लेकिन किसी तरह से प्रशासन की ओर से यात्रियों को समझाया जा रहा है।
विश्व विख्यात केदारनाथ धाम की यात्रा में उम्मीद से अधिक सैलाब उमड़ रहा है। इतनी अधिक संख्या में यात्रियों के आने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन उम्मीद से अधिक यात्री पहुंच रहे हैं। केदारनाथ धाम सहित यात्रा का मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग हर समय श्रद्धालुओं से पटा है। सोनप्रयाग में प्रशासन की ओर से यात्रियों को पंक्तिबद्ध तरीके से केदारनाथ धाम के लिए छोड़ा जा रहा है। कई बार यात्री बैरियर भी तोड़ रहे हैं, लेकिन फिर भी यात्रा कंट्रोल में है। केदारनाथ धाम में दर्शनों के लिए यात्रियों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
रजिस्ट्रेशन चेक करके ही यात्रियों को केदारनाथ धाम भेजा जा रहा है। धाम सहित पैदल मार्ग पर अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीस हजार से अधिक यात्रियों का उपचार किया गया है। यात्रा मार्ग सहित धाम में अभी तक आठ सौ लोगों को ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लगातार भीड़ को कंट्रोल में किए जाने को लेकर प्रशासन रात-दिन मुस्तैदी से जुटा हुआ है।रुद्रप्रयाग के अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिये रुद्रप्रयाग से केदारनाथ धाम तक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जगह-जगह पुलिस के जवान भी तैनात हैं। यात्रियों को हर संभव सुविधा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!