उत्तराखंडपुलिस डायरी

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी केस मामले में पुलिस के कब्जे में लिए अहम साक्ष्य सीसीटीवी फुटेज और 18 पन्नों की जांच रिपोर्ट की गई तैयार

चमोली। बदरीनाथ में चढ़ावे और दान की राशि चोरी करने के मामले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंचती नजर आ रही है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने मंदिर समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को अपने कब्जे में सुरक्षित कर लिया है। इनमें 18 पन्नों की आंतरिक जांच रिपोर्ट और विभिन्न तिथियों की सीसीटीवी फुटेज भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को 22 जून, 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज प्राप्त हुई है। जांच के दौरान कुछ ऐसे लोग भी फुटेज में दिखाई दिए हैं, जिन्हें पुलिस ने संदिग्ध मानते हुए उनकी पहचान कर ली है। अब विशेष जांच दल (एसआईटी) इन सभी से पूछताछ कर उनकी भूमिका की पड़ताल करेगा।
बदरीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि जांच से जुड़े सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और 18 पन्नों की आंतरिक जांच रिपोर्ट पुलिस के पास सुरक्षित है। फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है और मामले के प्रत्येक पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच का केंद्र अब इस बात पर है कि चढ़ावा हेराफेरी में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे। एसआईटी यह भी पता लगा रही है कि दान की राशि और अन्य चढ़ावे में कथित गड़बड़ी किस स्तर पर और किन-किन लोगों की मिलीभगत से हुई।
उधर, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने पुष्टि की है कि समिति ने अपनी 18 पन्नों की आंतरिक जांच रिपोर्ट सहित सभी उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। अब सभी की नजर एसआईटी की अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी है। जांच पूरी होने के बाद यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!