
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।
पीएम मोदी ने भी हादसे पर संवेदना प्रकट की है। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धमी से हालातों के बारे में जानकारी ली। पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीड़ितों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने सीएम धामी से की बात
उत्तरकाशी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से धराली (उत्तरकाशी) क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान पर बात की है। आईटीबीपी और एनडीआरएफ दोनों टीमों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ के चलते धराली बाजार को भारी नुकसान पहुंचा है चारों ओर केवल बाढ़ के साथ आया मलबा नजर आ रहा है। लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। बाढ़ के चलते खीर गंगा के तट पर स्थित प्राचीन कल्प केदार मंदिर के भी मलबे में दबने सूचना है।
मुख्यमंत्री धामी ने बचाव कार्यों की जानकारी दी
उत्तरकाशी। सीएम पुष्कर सिंह धामी धामी ने बताया कि बचाव और राहत कार्यों के लिए जिला प्रशासन, भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा, ष्हम लोगों को बचाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद प्रदान करेगी।
सीएम धामी का आंध्र प्रदेश दौरा रद्द
उत्तरकाशी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तरकाशी धराली गांव में बादल फटने की घटना की पूरी जानकारी ली है। शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है और हरसंभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया है। गृह मंत्री ने गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ व अन्य राहत एजेंसियों को तुरंत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश दौरा रद्द कर दिया है और वो शाम तक देहरादून पहुंच रहे हैं। सीएम लगातार आपदा प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता कर रहे हैं।
सैलाब बहा ले गया सब, 20 मीटर मलबे में दबे मकान, लोग
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में सुबह आई इस प्राकृतिक आपदा ने धराली बाजार को भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज बहाव के चलते दुकानें, वाहन और स्थानीय ढांचे पानी में बह गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाढ़ का मंजर इतना भयानक था कि लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही तबाही मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि बड़े-बड़े पत्थर और मलबा भी बाजार क्षेत्र में घुस आया। कितने लोग इसमें बह गए, अभी कोई आंकड़ा सामने नहीं आया है। सैलाब अपने साथ इतना मलबा लेकर आया कि दर्जनों घर, बाजार, वाहन और जो भी रास्ते में आया, सब बह गए। उसमें दब गए. अभी वहां केवल तबाही का मंजर है। अभी कितने लोग इस सैलाब में बह गए, मलबे में दबे हैं, इसका कोई भी आंकड़ा सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि करीब 20 मीटर ऊंचा मलबा वहां आकर जमा हो गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम से इस पूरी घटना की जानकारी ली है और हरसंभव मदद देने का आश्वासन भी दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी में अब तक 24 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है।