उत्तराखंडहादसा

अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटा वाहन,एक महिला की मौत,कई घायल

चमोली। चारधाम यात्रा के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के समीप पैनी नामक स्थान पर गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक समेत 18 लोग सवार थे। दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम जा रहा टेंपो ट्रैवलर जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। इस दर्दनाक दुर्घटना में गाजियाबाद निवासी महिला यात्री आरती की मौत हो गई। वहीं 17 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासन के पहाड़ी मार्गों पर हादसों को रोकने की कोशिश के दावों की पोल खोल दी है। वहीं प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए, जिनका हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। बताया कि टेंपो ट्रैवलर बस में 18 यात्री सवार थे।
गौर हो कि चमोली जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं 30 मई को चमोली जिले के देवाल विकासखंड के दूरस्थ ल्वाणी गांव के पास एक एम्बुलेंस गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इस घटना में तीन लोग घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में भर्ती किया गया। वहीं सभी लोग उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत के बाद शव को गांव लेकर आ रहे थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!