
देहरादून। कल सात मार्च को हरिद्वार एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा सरकार और संगठन के साथ जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। हरिद्वार के बैरागी कैंप में होने वाले इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए कई स्तरों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम में विशाल जनसभा, सहकारिता सम्मेलन, समान नागरिक संहिता से जुड़े प्रमाण पत्र वितरण और राज्य सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बीजेपी संगठन का दावा है कि इस कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे। इसके लिए लगभग 5,000 बसों के आने की संभावना है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस आयोजन में करीब डेढ़ लाख लोग शामिल हो सकते हैं। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप में करीब एक किलोमीटर लंबा विशाल टेंट लगाया गया है। टेंट के भीतर अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए अलग सेक्टर बनाए गए हैं, जहां जनसभा, प्रदर्शनी और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा को भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की मानें तो यह कार्यक्रम केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और चार वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
जनसभा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। इस आयोजन के दौरान समान नागरिक संहिता से जुड़े लाभार्थियों को नागरिकता के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। मंच से कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र सौंपे जाएंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से एक विशाल सहकारिता सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है।
इस सम्मेलन में प्रदेश भर से सहकारिता समितियों के प्रतिनिधि पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे। सम्मेलन में सहकारिता क्षेत्र के विस्तार, किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने व इस क्षेत्र में नई संभावनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।
केंद्र और राज्य की उपलब्धि बताएगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम स्थल पर दो प्रमुख प्रदर्शनियां भी लगाई जा रही हैं। पहली प्रदर्शनी देश में लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों पर आधारित होगी, जिसमें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम से जुड़े प्रावधानों को सरल तरीके से समझाया जाएगा। इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को नई न्याय व्यवस्था के बारे में जानकारी दी जाएगी। इन प्रदर्शनियों का अमित शाह उद्घाटन करेंगे और उसका अवलोकन भी करेंगे।
दूसरी प्रदर्शनी उत्तराखंड सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित होगी। इसमें राज्य में हुए विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और अलग अलग क्षेत्रों में किए गए सुधारों को चित्रों चार्ट और डिजिटल माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। सरकार की ओर से इसे जनजागरूकता और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का प्रयास बताया जा रहा है। अमित शाह इस प्रदर्शनी का भी उद्घाटन और अवलोकन करेंगे।
अमित शाह लेंगे टोली बैठक
इस रैली के बाद भारतीय जनता पार्टी की एक टॉप सीक्रेट बैठक भी प्लान की गई है। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसकी जानकारी दी है। भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया इस बैठक को टोली बैठक का नाम दिया गया है। जिसमें कोर ग्रुप के 14 अलावा सदस्यों के अलावा 9 और सदस्यों को शामिल किया गया है। इस तरह से इस “टोली बैठक” में कुल 24 बड़े नेता शामिल होंगे।







